बिजौलिया पुलिस का सुपर एक्शन: 16 साल से फरार डकैती का आरोपी सहित तीन वांछित अपराधी गिरफ्तार, दो पर था 5-5 हजार का इनाम
ललित चावला बिजौलिया | 11 May 2026
बिजौलिया। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती, एनडीपीएस एक्ट और स्थाई वारंट के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें डकैती के मामले में 16 साल से फरार चल रहा आरोपी तथा एनडीपीएस एक्ट में 13 साल से फरार आरोपी शामिल हैं। दोनों आरोपियों पर भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक द्वारा 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। वहीं करीब 12 साल से फरार स्थाई वारंटी को भी गिरफ्तार किया गया है।
थाना अधिकारी स्वागत पाण्डया के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन कर लंबे समय से फरार अपराधियों की तलाश की जा रही थी। पहली टीम ने डकैती के वर्ष 2010 से लंबित दो मामलों में वांछित आरोपी राजू कालबेलिया निवासी धिनवा चिडावा हाल बडोली थाना निम्बाहेड़ा जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम ने करीब 20 किलोमीटर तक पीछा कर उसे दबोचा।
इसी तरह दूसरी टीम ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में 13 साल से फरार चल रहे आरोपी मुकेश बंजारा पुत्र शिवलाल बंजारा निवासी रायखेड़ा थाना सीतामऊ जिला मंदसौर मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया। आरोपी गांव-गांव घूमकर सामान बेचने का काम करता था और अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी 194 किलो अवैध डोडा पोस्त बरामदगी के मामले में वांछित था और कार्रवाई के दौरान वाहन की ड्राइवर सीट से उतरकर फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी पर भी 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
वहीं तीसरी टीम ने न्यायालय अपर सेशन न्यायाधीश भीलवाड़ा के प्रकरण में करीब 12 साल से फरार स्थाई वारंटी राधेश्याम पुत्र धन्ना जाति कंजर निवासी चिताबड़ा थाना बिजौलिया को गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से जंगलों में रहकर फरारी काट रहा था तथा पहचान छिपाने के लिए अपना हुलिया भी बदल लिया था।
पुलिस कार्रवाई में थाना अधिकारी स्वागत पाण्डया, एसआई नरेश कुमार, एएसआई सुनील बेनीवाल, एएसआई गोपाल लाल, हेड कांस्टेबल रामसिंह, जुगराज तथा कांस्टेबल नरेन्द्र, शिवपाल और दलवीर की अहम भूमिका रही।