बिजौलिया में जनगणना के प्रथम चरण का प्रशिक्षण सम्पन्न: प्रगणकों-पर्यवेक्षकों ने ली कर्तव्यनिष्ठा की शपथ

ललित चावला बिजौलिया | 09 May 2026

 प्रगणकों-पर्यवेक्षकों ने ली कर्तव्यनिष्ठा की शपथ

बिजौलिया। नगर पालिका के तत्वावधान में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण राजकीय हाई  स्कूल जावदा रोड परिसर में आज आयोजित हुआ। जिसमें जनगणना कार्य से जुड़े पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में फील्ड ट्रेनर हेमंत कुमार राठौर एवं प्रहलाद स्वर्णकार ने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने मकान सूचीकरण, परिवारों का विवरण दर्ज करने, डिजिटल एवं तकनीकी प्रक्रिया, आंकड़ों की शुद्धता तथा सर्वेक्षण कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से समझाया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य को निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने की शपथ भी दिलाई गई। बता दें कि यह प्रशिक्षण 6 मई  से प्रारंभ हुआ था, जिसमें कुल 24 प्रगणकों ने भाग लिया। दो फील्ड ट्रेनरों द्वारा उन्हें तीन दिनों तक व्यवहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका के जनगणना कार्य से जुड़े तकनीकी कर्मचारी एवं अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।

Share this news:
Facebook WhatsApp