बाइक सवार युवक को ट्रेलर ने कुचला, मौत: बीमार पत्नी की देखरेख के लिए बिजौलिया आ रहा था युवक, तीन मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

ललित चावला बिजौलिया | 08 May 2026

बीमार पत्नी की देखरेख के लिए बिजौलिया आ रहा था युवक, तीन मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

बिजौलिया। कस्बे के निकट शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक अपनी बीमार पत्नी की देखरेख के लिए बिजौलिया आ रहा था, लेकिन रास्ते में गलत तरीके से बैक ले रहे ट्रेलर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया और तीन छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।

हेड कांस्टेबल जुगराज मीणा ने बताया कि तिलस्वां निवासी पूरण रैगर (37) पुत्र हीरा लाल रैगर शुक्रवार शाम बाइक से बिजौलिया आ रहा था। उसकी पत्नी बीमारी के चलते बिजौलिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती थी। शाम करीब 7 बजे इंद्रपुरा गांव के निकट सड़क किनारे बने धर्मकांटे के पास ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान सड़क पर खड़ा एक ट्रेलर अचानक तेज गति से पीछे की ओर बैक लेने लगा और ठीक उसके पीछे से आ रहे बाइक सवार पूरण को अपनी चपेट में ले लिया।

हॉस्पिटल के बाहर देर रात तक परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ मौजूद रही

हॉस्पिटल के बाहर देर रात तक परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ मौजूद रही

हादसे में पूरण  के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को लहूलुहान हालत में बिजौलिया के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

ट्रेलर के पीछे का हिस्सा जहां खून लगा हुआ

ट्रेलर के पीछे का हिस्सा जहां खून लगा हुआ

ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से भाग निकला, जिसके बाद ग्रामीणों ने ट्रेलर का पीछा किया। देर रात सलवटिया फोरलेन कट के निकट ट्रेलर को पकड़ लिया गया, हालांकि चालक वहां से फरार होने में सफल रहा। मृतक पूरण पत्थर खदान में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। परिवार में उसकी पत्नी, दो बेटियां, एक बेटा और वृद्ध माता हैं। अचानक हुए हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

Share this news:
Facebook WhatsApp