बिजौलिया को नई रेलवे लाइन से जोड़ने की मांग: सांसद दामोदर अग्रवाल को सौंपा ज्ञापन

ललित चावला बिजौलिया | 08 May 2026

 सांसद दामोदर अग्रवाल को सौंपा ज्ञापन

बिजौलिया। बिजौलिया नगर को नई रेलवे लाइन से जोड़ने की मांग को लेकर भाजपा के निवर्तमान मंडल अध्यक्ष मनोज गोधा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा।  ज्ञापन में बताया गया कि बिजौलिया क्षेत्र लंबे समय से रेलवे सुविधा से वंचित है, जिससे यहां के लोगों को रोजगार और परिवहन संबंधी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। रोजगार के सीमित अवसरों के कारण क्षेत्र के मूल निवासी भी पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं।

सांसद दामोदर अग्रवाल ने बिजोलिया क्षेत्र में रेलवे स्टेशन की आवश्यकता को गंभीर बताते हुए कहा कि वे इस संबंध में जल्द ही केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से दिल्ली में मुलाकात कर सकारात्मक प्रयास करेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण मांग को केंद्र सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा। ज्ञापन में बताया है कि बिजोलिया सेंडस्टोन की भारत की सबसे बड़ी मंडियों में से एक है। यहां से सेंडस्टोन करीब 80 देशों तक निर्यात किया जाता है। वर्तमान में पत्थर सड़क मार्ग से गुजरात के मुंद्रा पोर्ट तक पहुंचाया जाता है, जिससे परिवहन लागत अधिक आती है। नई रेलवे लाइन जुड़ने से परिवहन खर्च कम होगा, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और निर्यात बढ़ने से देश को विदेशी मुद्रा अर्जन में भी लाभ मिलेगा। इस अवसर पर मुकेश धनोपिया, शांतिलाल जोशी, वेदप्रकाश तिवारी एवं राजेश पटवारी उपस्थित रहे।

Share this news:
Facebook WhatsApp