बिजौलिया में तेज अंधड़ के साथ ओलावृष्टि: बारिश के साथ गिरे ओले

ललित चावला बिजौलिया | 04 May 2026

बारिश के साथ गिरे ओले

बिजौलिया। कस्बे में सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे मौसम ने अचानक करवट लेते हुए तेज हवाओं और अंधड़ के साथ ओलावृष्टि का रूप ले लिया। तेज हवा के साथ शुरू हुई बारिश कुछ ही देर में ओलावृष्टि में बदल गई, जिससे क्षेत्र का जनजीवन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।

जानकारी के अनुसार करीब 10 से 15 मिनट तक कांच की गोलियों के आकार के ओले गिरते रहे। शुरुआत में चने के आकार के छोटे ओले गिरे, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद बड़े आकार के ओले गिरने लगे। लगातार ओलावृष्टि के चलते सड़कों और खुले मैदानों में ओलों की सफेद चादर सी बिछ गई, जिससे नजारा पूरी तरह बदल गया।

ओलावृष्टि के साथ लगभग आधे घंटे तक रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। बिजौलिया सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी तरह का मौसम देखने को मिला। हालांकि फिलहाल कहीं से भी ओलावृष्टि के कारण किसी प्रकार के नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन किसानों की चिंता जरूर बढ़ गई है, क्योंकि इस समय कई जगह फसलें खेतों में काटकर रखी हैं।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news