बिना नंबर की काली थार में आए बदमाश पेट्रोल भरवाकर फरार: आरोली टोल बैरियर भी तोड़कर भागे

ललित चावला बिजौलिया | 04 May 2026

आरोली टोल बैरियर भी तोड़कर भागे

बिजौलिया। पार्श्वनाथ रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर रविवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां बिना नंबर की काले रंग की नई थार कार में आए अज्ञात बदमाश पेट्रोल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार हो गए। घटना के बाद आरोपी आरोली टोल नाके का बैरियर भी तोड़कर भाग निकले।

प्रार्थी पेट्रोल पंप के मैनेजर मनोज किराड़ ने पुलिस में दी रिपोर्ट में बताया कि रविवार देर रात एक काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली थार कार पेट्रोल पंप पर आई। वाहन चालक ने गाड़ी की टंकी फुल करवाई, लेकिन भुगतान के समय पेट्रोल कर्मी को बातों में उलझाकर अचानक वाहन स्टार्ट कर तेज गति से मौके से फरार हो गया। कर्मियों ने तुरंत वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक तेज रफ्तार में भाग निकला। इसके बाद पेट्रोल पंप प्रबंधन द्वारा आरोली टोल नाके पर सूचना दी गई। टोल कर्मियों ने भी वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी चालक ने टोल बैरियर को टक्कर मार दी और बिना रुके फरार हो गया।

प्रार्थी ने पुलिस थाना बिजौलिया में रिपोर्ट देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Share this news:
Facebook WhatsApp