पृथ्वी दिवस पर आयोजन: विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

ललित चावला बिजौलिया | 22 Apr 2026

 विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बिजौलिया। कस्बे के एबनेजर पब्लिक माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को पृथ्वी दिवस उत्साह  के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सतत जीवन शैली के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने पृथ्वी बचाने के महत्व पर प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने बताया कि बढ़ता प्रदूषण, जल संकट और पेड़ों की कटाई पृथ्वी के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं, जिन्हें रोकने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
विद्यालय के कक्षा 8 से 10 तक के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर नगर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने प्रदूषण के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को बताया तथा पौधों का वितरण कर हरियाली बढ़ाने की अपील की।

कक्षा 6 व 7 के विद्यार्थियों ने नारा लेखन प्रतियोगिता में भाग लेते हुए आकर्षक नारों के माध्यम से पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। वहीं कक्षा 3 से 5 तक के छात्र-छात्राओं ने पक्षियों के लिए पानी के परिंडे लगाकर जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाई। कक्षा 1 व 2 के विद्यार्थियों ने पृथ्वी संरक्षण विषय पर हेड गियर पहनकर आकर्षक प्रस्तुति दी तथा वृक्षारोपण किया। नर्सरी से एचकेजी तक के नन्हे बच्चों ने विद्यालय गार्डन में पौधारोपण कर उनकी सिंचाई की। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पृथ्वी को प्रदूषण मुक्त, स्वच्छ और हरित बनाने का संकल्प लिया।

Share this news:
Facebook WhatsApp