लेब टेक्नीशियन संघ के चुनाव संपन्न : संदीप शर्मा बने जिला अध्यक्ष, 55 मतों से दर्ज की जीत

ललित चावला बिजौलिया | 16 Apr 2026

संदीप शर्मा बने जिला अध्यक्ष, 55 मतों से दर्ज की जीत

बिजौलिया। अखिल राजस्थान लेबोरेटरी टेक्नीशियन कर्मचारी संघ के जिला स्तरीय चुनाव गुरुवार को भीलवाड़ा स्थित आईएमए हॉल में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत संपन्न हुए। चुनाव में जिलेभर के लैब टेक्नीशियन एवं प्रयोगशाला सहायकों ने भाग लिया।

संघ के निवर्तमान जिला अध्यक्ष ईश्वर सिंह तंवर ने बताया कि तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के बाद नए जिला अध्यक्ष के लिए चुनाव करवाए गए। कुल 136 मतदाताओं में से 95 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन अधिकारी दिनेश चंद्र शर्मा ने बताया कि चुनाव परिणाम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कास्या, ब्लॉक बिजौलिया में कार्यरत लैब टेक्नीशियन संदीप शर्मा को 75 मत प्राप्त हुए, जबकि वरिष्ठ तकनीकी सहायक महात्मा गांधी हॉस्पिटल भीलवाड़ा के चंद्र कुमार शर्मा को 20 मत मिले। इस प्रकार संदीप शर्मा ने 55 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर जिला अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।

 ऐतिहासिक जीत के बाद नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष संदीप शर्मा को फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया

ऐतिहासिक जीत के बाद नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष संदीप शर्मा को फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया

परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष संदीप शर्मा का साफा बंधवाकर और पुष्पमालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर भागचंद सोनी, दिनेश चंद्र शर्मा, गोवर्धन सिंह शेखावत, आत्माराम धाकड़, उदयवीर सिंह कानावत, अशोक सोनी, नवीन मीणा, कमलेश मीणा, राहुल खटीक, अर्जुन सिंह तोमर और भेरूलाल साहू, महिला प्रकोष्ठ की ओर से अंजू सोमानी, हिना धवल, वर्षा सांखला, शिवानी जीनगर और भाग्यश्री ने पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। नवनिर्वाचित अध्यक्ष संदीप शर्मा ने आभार व्यक्त कर संगठन हित में कार्य करने का भरोसा दिलाया।

Share this news:
Facebook WhatsApp