नया नगर हाई स्कूल का शानदार प्रदर्शन: 12वीं में 100% परिणाम
ललित चावला बिजौलिया | 05 Apr 2026
बिजौलिया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नया नगर का इस वर्ष का बोर्ड परीक्षा परिणाम एक बार फिर उत्कृष्ट रहा है। विद्यालय ने कक्षा 12 में शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज कर अपनी गुणवत्ता और मेहनत का परिचय दिया है। कक्षा 12 में छात्रा नीतू शक्तावत ने 92.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अनील बंजारा ने 82.40 प्रतिशत और रीना बंजारा ने 81.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर श्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
इसी प्रकार कक्षा 10 का परीक्षा परिणाम भी उल्लेखनीय रहा, जहां विद्यालय का कुल परिणाम 95.45 प्रतिशत दर्ज किया गया। कुल 22 विद्यार्थियों में से 21 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। कक्षा 10 में आकाश बंजारा ने 88.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा काजल बंजारा ने 75.50 प्रतिशत एवं सुमन बंजारा ने 68.50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
दूरस्थ क्षेत्र में स्थित इस विद्यालय के लगातार उत्कृष्ट परिणाम को लेकर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य हरिमोहन चित्तौड़ा ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों को दिया। प्रधानाचार्य ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।