आंट में अवैध सेंड स्टोन खनन की जांच: सड़क किनारे ब्लास्टिंग से दहशत, प्रशासन ने शुरू की जांच

ललित चावला बिजौलिया | 03 Apr 2026

सड़क किनारे ब्लास्टिंग से दहशत, प्रशासन ने शुरू की जांच

बिजौलिया। ब्लॉक की मकरेडी पंचायत के आंट क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सड़क किनारे अवैध सेंड स्टोन खनन की ग्रामीणों की शिकायत और सीएनएक्स डिजिटल में लगी खबर के बाद राजस्व एवं माइनिंग विभाग हरकत में आया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित टीम को मौके पर भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार, खनन माफियाओं द्वारा खुलेआम सड़क किनारे, चरागाह और राजस्व भूमि पर अवैध खनन किया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि यहां दिन-रात भारी मशीनों के साथ खनन कार्य जारी है और विस्फोटकों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही ब्लास्टिंग के कारण आसपास के कई मकानों की दीवारों में दरारें आ गई हैं। धमाकों की तेज आवाज से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है और कभी भी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।

इस संबंध में तहसीलदार ललित डीडवानिया ने बताया कि अवैध खनन की सूचना मिलने पर राजस्व और माइनिंग विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन वहां कोई व्यक्ति नहीं मिला। उन्होंने कहा कि शिकायत में किसी का नाम या मोबाइल नंबर दर्ज नहीं है, फिर भी मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share this news:
Facebook WhatsApp