आंट में अवैध खनन : बिना लाइसेंस लाल बत्ती डेटोनेटर से सड़क किनारे विस्फोट, प्रशासन खामोश

ललित चावला बिजौलिया | 01 Apr 2026

बिना लाइसेंस लाल बत्ती डेटोनेटर से सड़क किनारे विस्फोट, प्रशासन खामोश

बिजौलिया। ब्लॉक की मकरेडी पंचायत के आंट क्षेत्र में अवैध सेंड स्टोन खनन अब खतरनाक रूप ले चुका है। दबंग खनन माफियाओ द्वारा खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए सड़क किनारे और चरागाह-राजस्व भूमि पर लाल बत्ती डेटोनेटर से विस्फोट कर खनन करने का मामला सामने आया है।जबकि इसके लिए आवश्यक लाइसेंस और अनुमति लेना बेहद आवश्यक होता है।

सड़क किनारे हो रहा अवैध खनन

लाल बत्ती डेटोनेटर से हो रहा अवैध खनन, मकानों की दीवारें क्षतिग्रस्त हुई

लाल बत्ती डेटोनेटर से हो रहा अवैध खनन, मकानों की दीवारें क्षतिग्रस्त हुई

स्थानीय लोगों के अनुसार, दिन-रात चल रहे इस अवैध खनन में भारी मशीनों के साथ विस्फोटकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। लाल तार और डेटोनेटर के जरिए किए जा रहे धमाकों से पूरा इलाका दहल उठता है। यह सब कुछ खुलेआम हो रहा है, फिर भी जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे हो रही ब्लास्टिंग से हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है। विस्फोटों के कारण आसपास के मकानों में दरारें आने लगी हैं और रात के समय धमाकों की आवाज से लोगों में भय व्याप्त है। खनन स्थल से 5 सौ मीटर दूर स्थित सरकारी स्कूल के बच्चे भी इन धमाकों से सहम जाते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

सड़क किनारे बड़े स्तर पर काटा जा रहा पत्थर

सड़क किनारे बड़े स्तर पर काटा जा रहा पत्थर

पर्यावरण को हो रहा नुकसान

अवैध खनन के चलते क्षेत्र के पेड़-पौधे नष्ट हो रहे हैं और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खनिज विभाग, राजस्व और पुलिस को कई बार शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे माफियाओं के हौसले और बुलंद हो गए हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि यदि बिना लाइसेंस इस तरह विस्फोटक सामग्री का उपयोग हो रहा है, तो यह न केवल अवैध खनन बल्कि गंभीर सुरक्षा चूक भी है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

इनका कहना

इस संबंध में माइनिंग फोरमैन गिरिराज मीणा ने बताया कि पूर्व में कार्रवाई की गई थी और अब पुनः शिकायत मिलने पर मौके का मुआयना कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news