महावीर जयंती पर श्वेतांबर जैन समाज की भव्य शोभायात्रा : स्थानक में धर्मसभा आयोजित, नवकार मंत्र का सामूहिक जाप किया
ललित चावला बिजौलिया | 01 Apr 2026
बिजोलिया। महावीर जयंती के अवसर पर मंगलवार को कस्बे में श्वेतांबर जैन समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई तथा विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किए गया। शोभायात्रा स्थानक भवन से प्रारंभ हुई, जो बड़ा जैन मंदिर, पालिका चौक, तेजाजी चौक सहित प्रमुख मार्गों से होकर पुनः स्थानक भवन पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में भगवान महावीर के संदेशों का प्रचार-प्रसार करते हुए श्रद्धालु भक्ति भाव से शामिल हुए। जगह-जगह समाजजनों द्वारा स्वागत एवं पुष्प वर्षा की गई।
शोभायात्रा के पश्चात स्थानक भवन में धर्मसभा का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं द्वारा नवकार मंत्र का सामूहिक जाप किया गया। साथ ही पेसठिया चमत्कारी श्लोक का आयोजन श्री संघ के तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाज के लोगों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर महावीर जयंती का पर्व उत्साह के साथ मनाया। कार्यक्रम के अंत में स्थानक भवन में सामूहिक गौतम प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।