अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद-राष्ट्रीय बजरंग दल की बैठक संपन्न : संगठन विस्तार व हनुमान चालीसा केंद्रों पर जोर
ललित चावला बिजौलिया | 29 Mar 2026
बिजौलिया। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल चित्तौड़ प्रांत की बैठक विभिन्न सत्रों के साथ आज भीलवाड़ा में सम्पन्न हुई, जिसमें संगठन विस्तार, सामाजिक मुद्दों और हिंदू समाज को संगठित करने पर मंथन किया गया।
बैठक के मुख्यवक्ता हमीरगढ़ छो बावड़ी धाम की साध्वी देवगिरी ने हिंदू समाज को संगठित करने का आह्वान करते हुए गांव-गांव में हनुमान चालीसा केंद्र प्रारंभ करने तथा अखाड़े संचालित करने पर बल दिया। उद्घाटन सत्र को अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय मंत्री चन्द्रसिंह, लाल बाबा एवं चित्तौड़ प्रांत के कार्यकारी अध्यक्ष घनश्याम सोनी ने भी संबोधित किया। छात्र परिषद के मिथलेश शर्मा ने बताया कि बैठक में कुल 5 सत्र आयोजित किए गए, जिनमें 15 जिलों के 67 पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में हनुमान चालीसा केंद्र, लव जिहाद, लोकतंत्र में हिंदू समाज की भूमिका और वैश्विक परिदृश्य में सनातन की आवश्यकता जैसे विषयों पर चर्चा करते हुए बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समापन सत्र को राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रजापति, संगठन मंत्री रोहित भाई, ओजस्विनी प्रांत अध्यक्षा कामना शर्मा, ममता गुप्ता एवं राष्ट्रीय छात्र परिषद के मिथलेश शर्मा ने संबोधित किया।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारी और कार्यकर्ता
अंत में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष गोपाल तेली एवं महानगर अध्यक्ष राम लक्ष्मण ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन हिंदू हेल्पलाइन के प्रांत अध्यक्ष मुकेश सोनी ने किया। इस अवसर पर प्रांत के विभिन्न जिलों एवं तहसीलों के पदाधिकारियों के नामों की भी घोषणा की गई।