बिजौलिया मे हाईवे ढाबों पर अवैध शराब कारोबार: वीडियो वायरल के बाद भी प्रशासन मौन, NH-27 सहित कई जगहों पर अवैध शराब बिक्री जारी
ललित चावला बिजौलिया | 29 Mar 2026
बिजौलिया थाना क्षेत्र के NH-27 स्थित विक्रमपुरा इलाके में हाईवे पर बने होटल-ढाबों में अवैध शराब बिक्री का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। हाल ही में एक वीडियो वायरल होने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। श्री वीर बजरंग अखाड़ा और बजरंग दल ने आबकारी विभाग को एक शिकायती पात्र लिखकर बताया है कि होटल-ढाबों पर खुलेआम अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। हाईवे किनारे स्थित अधिकांश होटल-ढाबों पर देर रात तक शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। यहां शराब को ठंडे पदार्थों की तरह खुलेआम परोसा जा रहा है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि केवल NH-27 ही नहीं, बल्कि शक्करगढ़ चौराहा, श्री राम टॉकीज के पास, कच्ची बस्ती सहित करीब एक दर्जन स्थानों पर खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही है। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में रोष व्याप्त है। खुलेआम अवैध शराब बिक्री से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
इस मामले में बिजौलिया थाना प्रभारी (SHO) स्वागत पांड्या का कहना है कि पुलिस द्वारा समय-समय पर अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। यदि NH-27 या अन्य स्थानों पर इस प्रकार की अवैध बिक्री की पुष्टि होती है, तो निश्चित रूप से संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।