महिला को भेजे आपत्तिजनक मोबाइल मैसेज पर दो पक्ष भिड़े: पुलिस ने 9 लोगों को किया गिरफ्तार
ललित चावला बिजौलिया | 27 Mar 2026
बिजौलिया थाना क्षेत्र की एक महिला को भेजे गए आपत्तिजनक संदेश को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और आपसी कहासुनी के बाद लाठी-पत्थर चलने लगे, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना शुक्रवार को बिजौलिया पुलिस थाना क्षेत्र के राणा जी का गुढ़ा गांव की है।
कांस्या चौकी प्रभारी नरेश शर्मा ने बताया कि प्रथम पक्ष के किसी व्यक्ति द्वारा द्वितीय पक्ष के घर की एक महिला को अनर्गल मोबाइल संदेश भेजा गया था। इस बात का पता लगने पर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने शांति भंग के आरोप में कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पहले पक्ष से राणा जो की गुढ़ा निवासी महेंद्र धाकड़, उकार लाल धाकड़, राजुलाल धाकड़, कमलेश धाकड़ और सुनील धाकड़ शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से इसी गांव के राजेश बैरागी, मोनू बैरागी, विनोद बैरागी और आशिष बैरागी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद गांव में स्थिति फिलहाल सामान्य हो गई है, मामले में आगे की जांच जारी है।