बिजौलिया में चेटीचंड पर्व की धूम: झूलेलाल जयंती पर बिजौलिया में भव्य शोभायात्रा, वाहन रैली और भजन संध्या का आयोजन

ललित चावला बिजौलिया | 21 Mar 2026

झूलेलाल जयंती पर बिजौलिया में भव्य शोभायात्रा, वाहन रैली और भजन संध्या का आयोजन

बिजौलिया। सिंधी समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल की जयंती चेटीचंड पर्व शुक्रवार को कस्बे में श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह स्थानीय झूलेलाल मंदिर में भगवान झूलेलाल का पंचामृत से अभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। ध्वजारोहण के साथ ही विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई।

सिंधी नवयुवक मंडल के तत्वावधान में नगर में वाहन रैली निकाली गई, जिसमें समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली के दौरान श्रद्धालु  झूलेलाल भगवान का जयकारे लगाते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरकर पुनः मंदिर पहुंचे, जहां प्रसाद वितरण किया गया।

दोपहर बाद चारभुजा चौक से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा पालिका चौक, सब्जी मंडी, तेजाजी चौक होते हुए विंध्यवासिनी मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन किए। इसके पश्चात शोभायात्रा बस स्टैंड मार्ग से पथिक खेल मैदान पहुंची, जहां समाजजनों को प्रसाद वितरित किया गया। अंत में शोभायात्रा पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई।
शोभायात्रा के दौरान पूरे मार्ग में सिंधी धार्मिक गीतों की धुन पर महिलाएं एवं युवा पारंपरिक छेज नृत्य करते हुए नजर आए। नगर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों द्वारा फूलों की वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। शाम को मंदिर परिसर में भजन संध्या एवं महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इस दौरान समाज के मोहन लुधानी, नाथू चावला, प्रभु हरचंदानी, मनोज रेवानी, राजकुमार मंघनानी, नरेश चावला सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share this news:
Facebook WhatsApp