नगर पालिका की सार्थक पहल: स्वच्छता जागरूकता रैली निकालकर नागरिकों को किया प्रेरित
ललित चावला बिजौलिया | 14 Mar 2026
बिजौलिया। राजस्थान दिवस सप्ताह के तहत नगर पालिका बिजौलिया द्वारा स्वच्छता संकल्प एवं जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई।
अभियान का शुभारंभ अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल, स्वच्छ भारत मिशन ब्रांड एम्बेसडर मनोज गोधा व शिव कुमार तेली सहित अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान सभी ने नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने का संकल्प लिया।
नगर पालिका की ओर से नगर पालिका चौक से फूटा कोट, रावला चौक, छोटा दरवाजा, हॉस्पिटल रोड होते हुए बड़े चारभुजा नाथ मंदिर तक स्वच्छता रैली निकाली गई। रैली के दौरान नागरिकों को गीले-सूखे कचरे को अलग रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने का संदेश दिया गया।
अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल ने कहा कि कई स्थानों पर खाली पड़े भूखंडों में कचरा डाला जा रहा है, जिससे गंदगी और बीमारियों का खतरा बढ़ता है। ऐसे में भूखंड मालिकों को अपने प्लॉट की नियमित सफाई करने और बाउंड्री वॉल बनाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि ऐसा नहीं किया गया तो नगर पालिका सफाई कराकर खर्च संबंधित भूखंड स्वामी से वसूलेगी। साथ ही नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।