मंडोल टोल प्लाजा पर विवाद: टोल प्लाजा पर कर्मचारी द्वारा स्थानीय लोगों से जबरन टॉल वसूली के आरोप

ललित चावला बिजौलिया | 14 Mar 2026

टोल प्लाजा पर कर्मचारी द्वारा स्थानीय लोगों से जबरन टॉल वसूली के आरोप

 

बिजौलिया। कस्बे से 5 किलोमीटर दूर बूंदी रोड पर मंडोल बांध के निकट स्थित भोपतपुरा टोल प्लाजा पर कार्यरत एक कर्मचारी द्वारा स्थानीय लोगों से बदसलूकी करने का मामला सामने आया है। टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह टोल वसूली को लेकर स्थानीय लोगों से बहस करते और कथित तौर पर धमकियां देते हुए दिखाई दे रहे है। घटना गुरुवार की है।

कस्बा निवासी अक्षय नलवाया ने बताया कि टोल कर्मचारी द्वारा टोल के नाम पर जबरन पैसे वसूले जा रहे हैं। जब इसका विरोध किया और वीडियो बनाना शुरू किया तो कर्मचारी ने खुलेआम उन्हें देख लेने की धमकी दी। 

पीड़ित ने बताया कि उनका परिवार महीने में कई बार बूंदी आता-जाता है। बिजौलिया से मंडोल बांध की दूरी लगभग 5 किलोमीटर ही है, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय लोगों को टोल प्लाजा से गुजरने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि स्थानीय निवासी होने के बावजूद टोल से आसानी से निकलने नहीं दिया जाता। करीब 35 किलोमीटर की दूरी में दो स्थानों पर टोल वसूला जा रहा है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। सरकारी नियमों के अनुसार टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय निवासियों को टोल में छूट या पास की सुविधा मिलनी चाहिए, लेकिन यहां इस नियम का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा है।

Share this news:
Facebook WhatsApp