बिजौलिया में ओवरलोड सेंड स्टोन वाहनों का कहर: नियमों की उड़ रही धज्जियां
ललित चावला बिजौलिया | 11 Mar 2026
बिजौलिया। कस्बे में सेंड स्टोन से भरे ओवरलोड वाहनों का संचालन लगातार जारी है, जिससे जहां एक ओर आमजन की जान जोखिम में बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर सड़कों को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है। क्षेत्र में परिवहन और खनिज विभाग की अनदेखी के चलते नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ती नजर आ रही हैं।
कस्बे के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर दिनभर सेंड स्टोन से भरे ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार से गुजरते देखे जा सकते हैं। विशेष रूप से पार्श्वनाथ चौराहा, शक्करगढ़ चौराहा और मालीपुरा क्षेत्र में ऐसे ओवरलोड वाहन बड़ी संख्या में निकलते हैं। इन वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सेंड स्टोन भरकर परिवहन किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई ट्रकों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में जरूरत से ज्यादा पत्थर भरकर परिवहन किया जा रहा है, जिससे वाहन असंतुलित होकर चलते हैं और हादसे का खतरा बना रहता है। इसके अलावा भारी ओवरलोडिंग के कारण सड़कें भी तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही हैं और जगह-जगह गड्ढे बनने लगे हैं, जिससे आमजन और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई के लिए जिम्मेदार परिवहन और खनिज विभाग के अधिकारी इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड सेंड स्टोन वाहनों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और सड़कों को नुकसान होने से बचाया जा सके।