विधानसभा में गूंजा राशन घोटाले का मामला: मांडलगढ़ विधायक ने लाडपुरा-बरुंधनी की राशन दुकानों में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया
ललित चावला बिजौलिया | 10 Mar 2026
बिजौलिया। मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने मंगलवार को विधान सभा में बजट सत्र के दौरान प्रश्नकाल में अपने क्षेत्र की उचित मूल्य की राशन दुकानों में हो रहे भ्रष्टाचार और गेहूं के गबन का मामला उठाया। उन्होंने ग्राम पंचायत लाडपुरा और बरुंधनी में राशन वितरण में बरती जा रही अनियमितताओं को लेकर सरकार से जवाब मांगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
विधायक खंडेलवाल ने सदन को बताया कि ग्राम पंचायत लाडपुरा में उचित मूल्य दुकानदार रेणु कुमारी मीणा द्वारा राशन वितरण में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। विभागीय जांच में लगभग 90.41 क्विंटल गेहूं के गबन की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर गबन साबित होने के बावजूद संबंधित दुकानदार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई में देरी की जा रही है, जिससे क्षेत्र की जनता में भारी रोष है।
उन्होंने कहा कि जब भ्रष्टाचार सिद्ध हो चुका है और 90 क्विंटल से अधिक गेहूं गायब पाया गया है, तो दोषियों को संरक्षण देना दुर्भाग्यपूर्ण है। ग़रीबों के हक के अनाज की चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सरकार को इस मामले में कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
इस पर जवाब देते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि लाडपुरा के मामले में विभाग ने संबंधित दुकानदार के प्राधिकार पत्र को निलंबित कर दिया है और एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि मामला फिलहाल उच्च न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण प्रक्रियाधीन है।
विधायक खंडेलवाल ने जोर देते हुए कहा कि विभाग को न्यायालय में मजबूती से अपना पक्ष रखना चाहिए, ताकि राशन माफियाओं पर लगाम लग सके और जरूरतमंद लोगों को उनका पूरा हक मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि अपने क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ वे लगातार आवाज उठाते रहेंगे और किसी भी दोषी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।