कंट्रोल रूम में अटके बिजौलिया के दो शिक्षक: परीक्षा के बीच स्कूलों में पढ़ाई और खेल दोनों ठप, 100 किमी दूर डेपुटेशन से बिगड़ी स्कूल व्यवस्था,

ललित चावला बिजौलिया | 07 Mar 2026

  परीक्षा के बीच स्कूलों में पढ़ाई और खेल दोनों ठप, 100 किमी दूर डेपुटेशन से बिगड़ी स्कूल व्यवस्था,

बिजौलिया। क्षेत्र के दो शिक्षकों की पिछले करीब डेढ़ माह से भीलवाड़ा जिला मुख्यालय स्थित डीईओ कार्यालय के कंट्रोल रूम में डेपुटेशन पर ड्यूटी लगाए जाने से स्थानीय स्कूलों की पढ़ाई व्यवस्था के साथ-साथ खेल गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। वार्षिक परीक्षाओं के समय शिक्षकों की अनुपस्थिति से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार पुरोहितों का खेड़ा उच्च प्राथमिक विद्यालय के शारीरिक शिक्षक सीताराम बसीटा तथा बैरिसाल स्कूल के शिक्षक सत्यनारायण खोईवाल को जनवरी माह में करीब 100 किलोमीटर दूर भीलवाड़ा स्थित जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) कार्यालय के कंट्रोल रूम में डेपुटेशन पर तैनात किया गया है। दोनों शिक्षक पिछले डेढ़ माह से वहीं ड्यूटी दे रहे हैं, जिससे संबंधित स्कूलों में व्यवस्थाएं प्रभावित होने लगी हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि पहले से ही स्कूलों में स्टाफ की कमी बनी हुई है। ऐसे में परीक्षा के समय शिक्षकों को स्कूल से हटाकर जिला मुख्यालय पर ड्यूटी लगाना विद्यार्थियों के हित में नहीं है। इन दिनों छात्र वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हुए हैं, लेकिन शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई पर असर पड़ रहा है।

वहीं, शारीरिक शिक्षक के डेपुटेशन पर होने से स्कूलों में खेल गतिविधियां भी ठप हो गई हैं। खेल प्रशिक्षण और अभ्यास नियमित रूप से नहीं हो पा रहा, जिससे विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा और तैयारी पर भी असर पड़ रहा है।

इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) भीलवाड़ा और जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर दोनों शिक्षकों की डेपुटेशन समाप्त कर उन्हें उनके मूल विद्यालय में पुनः पदस्थापित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब जिले के आसपास भी कई स्कूल हैं, तो बिजौलिया क्षेत्र के शिक्षकों को 100 किलोमीटर दूर कंट्रोल रूम में लगाना उचित नहीं है।

Share this news:
Facebook WhatsApp