चांद जी की खेड़ी में दर्दनाक सड़क हादसा: तिलस्वा से मेला घुम कर आ रहे श्रद्धालुओं को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत, तीन गंभीर घायल
ललित चावला बिजौलिया | 18 Feb 2026
बिजौलिया। थाना क्षेत्र के चांद जी की खेड़ी गांव में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तिलस्वा महादेव से मेला घुम कर घर जा रहे श्रद्धालुओं को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल कस्बा स्थित उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
एएसआई सत्यनारायण ने बताया कि दो युवक बाइक पर सवार थे, जबकि दो अन्य पैदल यात्रा करते हुए तिलस्वा में मेला देखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की सहायता से घायलों को उप जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में सूरज, दिलखुश, दिलीप सिंह भाटी एवं सुनील सुथार घायल हुए। सभी घायल बेगू तहसील के उमर और जोगणिया माता गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
अस्पताल में उपचार के दौरान उमर निवासी सुनील सुथार पीटा पप्पू सुथार ने दम तोड़ दिया। अन्य तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।