किसान का बेटा बना अफसर : बिजौलिया के कुलदीप सिंह ने RPSC में हासिल की सेकंड रैंक AFDO परीक्षा में चयन

ललित चावला बिजौलिया | 18 Feb 2026

बिजौलिया के कुलदीप सिंह ने RPSC में हासिल की सेकंड रैंक AFDO परीक्षा में चयन

बिजौलिया। उपखंड क्षेत्र के ऊंद्रो का खेड़ा गांव के निवासी कुलदीप सिंह सोलंकी ने कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास के दम पर बड़ा मुकाम हासिल किया है। आरपीएससी द्वारा आयोजित एएफडीओ (Assistant Fisheries Development Officer) परीक्षा में कुलदीप सिंह ने राजस्थान में द्वितीय स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

एएफडीओ परीक्षा का लिखित पेपर बीते साल 29 जुलाई को आयोजित हुआ था, जिसका अंतिम परिणाम 17 फरवरी को घोषित किया गया। परिणाम जारी होते ही ऊंद्रो का खेड़ा गांव सहित पूरे बिजौलिया क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।

कुलदीप, किसान शोभराज सिंह सोलंकी के पुत्र हैं। एक साधारण किसान परिवार से आने वाले कुलदीप की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि सीमित संसाधन भी बड़े सपनों को रोक नहीं सकते। क्षेत्रवासियों ने इसे किसान के बेटे की बड़ी उड़ान बताते हुए गर्व व्यक्त किया। उन्होंने सीएनएक्स डिजिटल से बातचीत में बताया कि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास लगातार हो तो सफलता निश्चित मिलती है। उन्होंने 12वीं तक की शिक्षा बिजौलिया से प्राप्त की, जबकि उच्च शिक्षा उदयपुर से पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी थी।

Share this news:
Facebook WhatsApp