अन्नकूट महोत्सव 2025: जोगणिया माताजी में अन्नकूट महोत्सव पर गायों और बेलों की पूजा की
ललित चावला बिजौलिया | 23 Oct 2025
बिजौलियाl क्षेत्र के प्रसिद्ध शक्तिपीठ जोगणियां माताजी में बुधवार को अन्नकूट महोत्सव और गोवर्धन पूजा धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर गो नंदी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। गोवंश को लापसी खिलाई गई।
पूजा-अर्चना जोगणियां माता शक्तिपीठ संस्थान के अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी, मेढ़केश्वर महादेव मंदिर के महंत नंदकिशोर दास, पंडित नारायण लाल शर्मा, गुरुदेव महेंद्र भट्ट सहित कई संतों और सदस्यों की उपस्थिति में संपन्न हुई। वेद विद्यालय के वेदपाठियों ने मंत्रोच्चारण किया। इस दौरान मंदिर के पदाधिकारियों और सदस्यों को गो रक्षा का संकल्प भी दिलाया गया।
अन्नकूट प्रसादी का जोगणियां माताजी मंदिर में भोग लगाया गया, जिसके बाद प्रसादी का वितरण किया गया। मंदिर प्रांगण में बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ गायों और बैलों की पशुधन के रूप में पूजा-आरती की गई। जोगणियां माता शक्तिपीठ संस्थान द्वारा संचालित गोशाला की लगभग 350 गायों और बैलों को विशेष रूप से सजाकर पूजा गया।
संस्थान अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने बताया कि इस पूजा का उद्देश्य बैल पूजा की परंपरा को जीवित रखना, गो सेवा के प्रति लोगों को जागरूक करना और धर्म-संस्कृति की रक्षा करना है।