जोगणियां माता शक्तिपीठ में नवरात्रि की धूम: डीजे की धुनों पर पैदल पहुंच रहे भक्त, धार्मिक आयोजनों से माहौल भक्तिमय
ललित चावला बिजौलिया | 14 Oct 2026
बिजौलिया। शारदीय नवरात्रि के चौथे दिन जोगणियां माता शक्तिपीठ में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है। माता रानी के दर्शन के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कई भक्त डीजे की धुनों पर नाचते-गाते और माता के जयकारे लगाते हुए पैदल यात्रा कर मंदिर आ रहे हैं। मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
जोगणियां माता शक्तिपीठ विकास प्रबंध समिति के अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने बताया कि नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन माता का विशेष श्रृंगार, पूजा-अर्चना और आरती की जा रही है। इसके साथ ही श्रीमद् देवी भागवत कथा पाठ, पंच कुंडीय महायज्ञ, शतचंडी पारायण और अखंड रामायण पाठ सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। प्रसिद्ध कलाकारों की ओर से रामलीला का मंचन भी किया जाएगा।
मंदिर पर की गई आकर्षक लाइटिंग
15 और 17 अक्टूबर को भजन संध्या
महोत्सव के तहत 15 और 17 अक्टूबर को भजन संध्या होगी। वहीं, 18 अक्टूबर को दुर्गा अष्टमी पर महारात्रि जागरण आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर के कपाट पूरी रात श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे, जिससे भक्त रातभर माता के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
20 अक्टूबर को पूर्णाहुति के साथ समापन
नवरात्रि महोत्सव का समापन 20 अक्टूबर को पूर्णाहुति के साथ होगा। विजयदशमी पर दशहरा पर्व भी श्रद्धा और उल्लास से मनाया जाएगा। मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, भोजन, बिजली और ठहरने सहित आवश्यक सुविधाओं पर ध्यान दिया जा रहा है।
More news
लावारिस लाश का किया अंतिम संस्कार
19 Oct 2026