गोदाम से 58 कट्टे अनाज चोरी करने वाला शातिर नकबजन गिरफ्तार: जंगलों में पीछा कर पुलिस ने दबोचा, मांडलगढ़ के दो मामलों में भी वांछित; आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 9 प्रकरण

ललित चावला बिजौलिया | 14 Oct 2026

जंगलों में पीछा कर पुलिस ने दबोचा, मांडलगढ़ के दो मामलों में भी वांछित; आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 9 प्रकरण

बिजौलिया। बिजौलिया थाना पुलिस ने लक्ष्मीनिवास गांव में गोदाम से अनाज चोरी के मामले का खुलासा करते हुए शातिर नकबजन परमेश्वर कंजर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गोदाम से पिकअप में भरकर सरसों, चने, चियासीड और कलौंजी के कट्टे चोरी किए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी मांडलगढ़ थाने के दो मामलों में भी वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ पूर्व में 9 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं, चित्तौड़गढ़ जिले के भैंसरोडगढ़ थाने में आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित रह चुका है।

गोदाम से चुराए थे 58 कट्टे

पुलिस के अनुसार, लक्ष्मीनिवास निवासी प्रभुलाल पुत्र कजोड़ धाकड़ ने 22 अप्रैल 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि 19 अप्रैल की मध्यरात्रि को अज्ञात चोर उनके गोदाम से 26 कट्टे सरसों, 12 कट्टे चने, 10 कट्टे चियासीड और 10 कट्टे कलौंजी पिकअप में भरकर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जंगलों में पीछा कर आरोपी को पकड़ा

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी स्वागत पाण्ड्या के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने पुराने चालानशुदा आरोपियों पर निगरानी रखी और संदिग्धों से पूछताछ करते हुए संभावित रास्तों पर जांच की। पुलिस ने बड़ा चिताबड़ा गांव में दबिश दी। इस दौरान जंगलों में पीछा कर परमेश्वर उर्फ परमीया कंजर को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने लक्ष्मीनिवास स्थित गोदाम से अनाज चोरी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

कार्रवाई में थाना प्रभारी स्वागत पाण्ड्या, कास्या चौकी प्रभारी नरेश कुमार, कांस्टेबल नरेंद्र, रणजीत, हेमाराम और शिवपाल शामिल रहे।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news