नगर पालिका की पहल: बिजौलिया में अब सेप्टिक टैंक की सफाई निशुल्क, FSTP प्लांट बनकर तैयार

ललित चावला बिजौलिया | 13 Oct 2026

 बिजौलिया में अब सेप्टिक टैंक की सफाई निशुल्क, FSTP प्लांट बनकर तैयार

बिजौलिया। नगर पालिका प्रशासन ने कस्बे में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत अब 31 दिसंबर 2027 तक घरों, कार्यालयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सेप्टिक टैंक और सोक पिट की सफाई निशुल्क कराई जा सकेगी।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) तरुण शर्मा ने आज रिको एरिया के नजदीक नर्सरी के सामने बने फेकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (FSTP) का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्लांट के सही तरीके से संचालन और कस्बे में स्वच्छता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

सरकार की ओर से निशुल्क सुविधा

स्वायत्त शासन विभाग, राजस्थान सरकार की ओर से सीवर लाइन की सुविधा से वंचित शहरों में FSTP प्लांट बनाए गए हैं। इन प्लांटों के माध्यम से सेप्टिक टैंक और सोक पिट से निकलने वाले गंदे कचरे का उचित तरीके से निस्तारण किया जाता है, निस्तारण के बाद प्लांट पर खाद बनाई जाएगी जिससे पालिका प्रशासन की निजी आय में भी बढ़ोतरी हो सकेगी। इसी योजना के तहत 31 दिसंबर 2027 तक सेप्टिक टैंक और सोक पिट खाली करने की सुविधा निशुल्क दी जा रही है।

नगर पालिका ने की अपील

नगर पालिका प्रशासन ने कस्बे के नागरिकों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। जिन घरों, कार्यालयों और दुकानों में सेप्टिक टैंक या सोक पिट बने हुए हैं, वे उनकी समय पर निशुल्क सफाई करवाएं। इससे गंदगी फैलने से रोकने और स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news