तालाब की पाल पर अवैध रूप से डाले जा रहे पत्थर हटाने की मांग : विहिप-बजरंग दल ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

ललित चावला बिजौलिया | 13 Oct 2026

विहिप-बजरंग दल ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

बिजौलिया। कस्बे में विध्यवासिनी माताजी मंदिर के समीप स्थित गोविंदसागर तालाब की पाल पर स्टेट हाईवे के किनारे कथित रूप से अवैध तरीके से डाले जा रहे पत्थरों को हटाने की मांग उठी है। इस संबंध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उपखंड अधिकारी सीएल शर्मा को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने तालाब की पाल और सड़क किनारे हो रही गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ ही अतिक्रमण के लिए जिम्मेदार लोगों को चिह्नित कर भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति रोकने की मांग भी की।

ज्ञापन में बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से एक समुदाय विशेष या व्यक्ति विशेष द्वारा गोविंदसागर तालाब की पाल और सड़क के किनारे कथित रूप से अवैध तरीके से पत्थर डाले जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने इसे सार्वजनिक स्थल की व्यवस्था और क्षेत्र की शांति से जुड़ा मामला बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की।

ज्ञापन के अनुसार, विध्यवासिनी माताजी मंदिर के समीप स्थित तालाब की पाल धार्मिक और सार्वजनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान है। ऐसे में यहां बिना अनुमति पत्थर डालने या किसी प्रकार का अतिक्रमण करने की गतिविधियों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

2004 की घटना का भी किया उल्लेख

ज्ञापन में वर्ष 2004 की एक पुरानी घटना का उल्लेख करते हुए बताया गया कि तत्कालीन सरपंच धीसी लाल कोली के कार्यकाल के दौरान भी इसी स्थान पर अतिक्रमण का प्रयास किया गया था। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उस समय इस घटना के कारण कस्बे में सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित हुआ था और माहौल खराब हो गया था।

विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को आगाह किया कि वर्तमान मामले को गंभीरता से लेते हुए समय रहते कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो और कस्बे में शांति एवं सद्भाव का वातावरण बना रहे। संगठन ने प्रशासन को तीन दिन का समय देते हुए कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news