बिजौलिया में रामकथा महोत्सव से पहले निकली भव्य कलश यात्रा: नौ दिन गूंजेगी रामचरितमानस की चौपाइयां, 11 से 20 अक्टूबर तक होंगे धार्मिक आयोजन

ललित चावला बिजौलिया | 10 Oct 2026

नौ दिन गूंजेगी रामचरितमानस की चौपाइयां, 11 से 20 अक्टूबर तक होंगे धार्मिक आयोजन

बिजौलिया। अश्विन नवरात्रि और श्री श्री 1008 फलाहारी महाराज की पुण्य स्मृति में आयोजित होने वाले श्री रामचरितमानस पाठ एवं रामकथा महोत्सव से पहले शनिवार को कस्बे में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। कलश यात्रा की शुरुआत चारभुजा चौक से हुई। यात्रा सदर बाजार, बड़ा दरवाजा, पंचायत चौक और सब्जी मंडी मार्ग से होते हुए श्री जागेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। महिलाओं ने सिर पर कलश लेकर यात्रा में भाग लिया और भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। 

11 से 20 अक्टूबर तक चलेगा रामकथा महोत्सव

कलश यात्रा में शामिल महिलाएं

कलश यात्रा में शामिल महिलाएं

श्री रामचरितमानस महामंडल के आचार्य शांतिलाल जोशी ने बताया कि अश्विन नवरात्रि और फलाहारी महाराज की पुण्य स्मृति में श्री जागेश्वर महादेव मंदिर परिसर में 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक श्री रामचरितमानस पाठ एवं रामकथा का आयोजन किया जाएगा। दस दिवसीय इस धार्मिक महोत्सव में प्रतिदिन संगीतमय रामायण पाठ और रामकथा होगी। आयोजन के दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों और रामचरितमानस की चौपाइयों का श्रवण कर सकेंगे।

सुबह रामायण पाठ, दोपहर में रामकथा

आयोजन के तहत प्रतिदिन सुबह 7:15 बजे से श्री रामचरितमानस पाठ होगा, जबकि दोपहर में रामकथा का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु जितेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि चित्रकूट धाम आश्रम, अथुनिया गांव, निलिया, नीमच के ओमप्रकाशजी वैष्णव के सान्निध्य में नित्य संगीतमय श्री रामचरितमानस पाठ होगा। इसके साथ ही दोपहर 2 बजे से रामकथा का आयोजन किया जाएगा। रामचरितमानस पाठ एवं रामकथा महोत्सव का समापन 20 अक्टूबर को दोपहर में पूर्णाहुति के साथ होगा। कलश यात्रा के साथ ही कस्बे में धार्मिक गतिविधियों का माहौल बन गया है।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news