नला माताजी मंदिर में घट स्थापना के साथ नवरात्र महोत्सव कल : पहली बार गरबा-डांडिया की धूम, रामायण पाठ, दुर्गा पाठ और श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क लंगर व ठहरने की व्यवस्था भी की
ललित चावला बिजौलिया | 10 Oct 2026
बिजौलिया। बिजौलिया से करीब 6 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर स्थित ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध नला माताजी मंदिर में रविवार से नौ दिवसीय शारदीय नवरात्र महोत्सव का भव्य आयोजन शुरू होगा। नवरात्र के दौरान मंदिर में प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, माता का आकर्षक श्रृंगार, रामायण पाठ और दुर्गा पाठ सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे। इस बार महोत्सव की खास बात यह है कि मंदिर परिसर में पहली बार गरबा-डांडिया कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। धार्मिक आयोजनों के साथ भक्ति और उत्साह का माहौल रहेगा।
मंदिर समिति के अध्यक्ष शंकरलाल धाकड़ ने बताया कि नवरात्र महोत्सव की शुरुआत 11 अक्टूबर को सुबह सवा दस बजे घट स्थापना के साथ होगी। इसके बाद नौ दिनों तक प्रतिदिन माता की विशेष पूजा-अर्चना और श्रृंगार किया जाएगा। नवरात्र को लेकर मंदिर परिसर में आकर्षक लाइटिंग की गई है, जिससे मंदिर की भव्यता और बढ़ गई है। महोत्सव के दौरान माता के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर समिति की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
कमेटी के सदस्य महोत्सव को भव्य रूप देने की तैयारियां करते हुए
रामायण पाठ और दुर्गा पाठ से गूंजेगा मंदिर परिसर
नवरात्र के नौ दिनों तक मंदिर परिसर में प्रतिदिन रामायण पाठ और दुर्गा पाठ का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से श्रद्धालु माता की आराधना करेंगे। नवरात्र के दौरान मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए निशुल्क लंगर की व्यवस्था भी रहेगी। इसके साथ ही दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए निशुल्क व्यवस्था की जाएगी, ताकि उन्हें दर्शन और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
पहली बार गरबा-डांडिया, भक्ति गीतों पर थिरकेंगे श्रद्धालु
इस बार नला माताजी मंदिर में नवरात्र महोत्सव के दौरान पहली बार गरबा-डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शाम के समय माता की आराधना के साथ डांडिया रास का आयोजन होगा। इसमें श्रद्धालु और नन्हे बच्चे माता के भक्ति गीतों की धुन पर डांडिया नृत्य करेंगे। मंदिर परिसर में होने वाला यह आयोजन नवरात्र महोत्सव को विशेष बनाएगा। धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक रंगों से सजा यह कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।
आसपास के गांवों से पहुंचेंगे श्रद्धालु, समिति जुटी तैयारियों में
नवरात्र महोत्सव के दौरान बिजौलिया क्षेत्र सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर समिति व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी है। महोत्सव की तैयारियों में मंदिर कमेटी के मुकेश धाकड़ (पूर्व सरपंच), राजू मीणा, अनिल धाकड़ (नयागांव), प्रेमचंद मीणा, मुकेश धाकड़ (उमाजी का खेड़ा), शांतिलाल धाकड़, जितेंद्र मीणा सहित समिति के अनेक सदस्य जुटे हुए हैं।
More news
लावारिस लाश का किया अंतिम संस्कार
19 Oct 2026