जेसीबी की खुदाई में टूटी मुख्य पाइप लाइन: जलदाय विभाग की लापरवाही से वार्ड 6 में लाखों लीटर पानी व्यर्थ बहा
ललित चावला बिजौलिया | 08 Oct 2026
बिजौलिया। नगर के वार्ड नंबर 6 में जलदाय विभाग की मुख्य पाइप लाइन जेसीबी की खुदाई के दौरान टूट जाने से लाखों लीटर पानी व्यर्थ बह गया। पानी लगातार बहने से सड़क पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन गई, जिससे स्थानीय लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार इन दिनों क्षेत्र में मुख्य पाइप लाइन बिछाने और उस पर सीसी निर्माण कार्य के लिए जेसीबी से सड़कों की खुदाई की जा रही है। इसी दौरान जेसीबी की बकेट मुख्य पाइप लाइन से जा टकराई, जिससे पाइप लाइन टूट गई और उसमें से तेज गति से पानी बहने लगा। पाइप लाइन टूटने के समय मौके पर जलदाय विभाग का कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।
वार्ड पार्षद किशन खटीक ने बताया कि पाइप लाइन टूटने के बाद बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बहता रहा। इससे लाखों लीटर पानी व्यर्थ बह गया। उन्होंने बताया कि मामले की सूचना जलदाय विभाग के कर्मचारियों को देने के बावजूद काफी समय तक मौके पर कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा।
पानी के लगातार बहने से सड़क पर कीचड़ फैल गया और आसपास के लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। पार्षद किशन खटीक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जलदाय विभाग के अधिकारियों और संबंधित कार्मिकों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि खुदाई कार्य के दौरान विभागीय पाइप लाइनों की सुरक्षा और मौके पर निगरानी की व्यवस्था होनी चाहिए थी। पार्षद ने बताया कि वे मामले को लेकर उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।
More news
लावारिस लाश का किया अंतिम संस्कार
19 Oct 2026