ड्यूटी से लौट रही महिला और उसके पति की सड़क हादसे में मौत: आज ही देखा था गणेशपुरा में नया कमरा, 2-3 दिन में शिफ्ट होने का सपना अधूरा रह गया

ललित चावला बिजौलिया | 08 Oct 2026

आज ही देखा था गणेशपुरा में नया कमरा,  2-3 दिन में शिफ्ट होने का सपना अधूरा रह गया

स्कूल से पति के साथ बाइक पर निकली फोर्थ ग्रेड कर्मचारी राममाला की हादसे में मौत, पति राजेश ने भी अस्पताल में तोड़ा दम; अप्रैल में ही हुई थी दोनों की शादी

बिजौलिया। जिंदगी को नई राह देने के सपने लेकर निकला एक नवविवाहित दंपती गुरुवार दोपहर सड़क हादसे का शिकार हो गया। गणेशपुरा सरकारी हाई स्कूल में फोर्थ ग्रेड कर्मचारी के पद पर कार्यरत राममाला मीणा (25) गुरुवार को स्कूल में अपनी ड्यूटी पूरी कर पति राजेश मीणा (35) पिता श्योजीराम मीणा निवासी अकसासा, तालेड़ा, जिला बूंदी के साथ बाइक से बिजौलिया की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान विक्रमपुरा फोरलेन कट क्रॉस करते समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई।

सबसे मार्मिक बात यह है कि राममाला और राजेश ने इसी दिन गणेशपुरा में किराए का कमरा देखा था। रोजाना बिजौलिया से गणेशपुरा आने-जाने की परेशानी से बचने के लिए दोनों ने पोस्टिंग स्थल पर ही रहने का फैसला किया था। 

हादसे में दोनों की मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विक्रमपुरा फोरलेन कट पर तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों सड़क पर जा गिरे। राममाला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल राजेश को उपचार के लिए बिजौलिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। हादसे के बाद कार भी अनियंत्रित होकर पलट गई। कार में चालक सहित परिवार के लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मामले में पुलिस जांच कर रही है।

आधार कार्ड से हुई मृतक की पहचान

एएसआई सुनील बेनीवाल ने बताया कि एनएच-27 पर मोदी ढाबा के पास हुए हादसे के बाद मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसके भाई ओमप्रकाश मीणा को सूचना दी गई। पुलिस ने मृतकों की पहचान राजेश मीणा और उनकी पत्नी राममाला मीणा के रूप में की है। 

एक नवविवाहित दंपती, नई नौकरी, नया ठिकाना और साथ जिंदगी बिताने के सपने—सब कुछ बस कुछ दिनों की दूरी पर था। गणेशपुरा में जिस कमरे में दोनों जल्द ही नई गृहस्थी बसाने वाले थे, वह कमरा अब उनके लौटने का इंतजार करता रह गया।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news