बिजौलिया क्षेत्र में दो सड़क हादसों में तीन की मौत: केसरगंज कट पर बाइक स्लिप होने से 15 वर्षीय छात्र की मौत, विक्रमपुरा कट पर कार की टक्कर से महिला-पुरुष ने तोड़ा दम

ललित चावला बिजौलिया | 08 Oct 2026

केसरगंज कट पर बाइक स्लिप होने से 15 वर्षीय छात्र की मौत, विक्रमपुरा कट पर कार की टक्कर से महिला-पुरुष ने तोड़ा दम

बिजौलिया। क्षेत्र में गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। पहला हादसा केसरगंज कट के पास हुआ, जहां मेनाल घूमकर कोटा लौट रहे चार दोस्तों में से दो युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर स्लिप हो गई। हादसे में 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। वहीं दूसरा हादसा विक्रमपुरा फोरलेन कट पर हुआ, जहां तेज रफ्तार हुंडई कार ने ओवरटेक करते समय बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला और पुरुष की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

केसरगंज कट पर बाइक स्लिप, 15 वर्षीय छात्र की मौत

हादसे के बाद कार फोरलेन पर साइड में पलटी खा गई

हादसे के बाद कार फोरलेन पर साइड में पलटी खा गई

पुलिस के अनुसार कोटा में रहने वाले चार दोस्त गुरुवार सुबह मेनाल घूमने के लिए गए थे। घूमने के बाद सभी दोस्त दो बाइकों से वापस कोटा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान बिजौलिया क्षेत्र के केसरगंज कट के पास एक बाइक अचानक अनियंत्रित होकर स्लिप हो गई।

केसरगंज कट पर क्षतिग्रस्त हुई बाइक, बाइक बूंदी पासिंग बताई जा रही है

केसरगंज कट पर क्षतिग्रस्त हुई बाइक, बाइक बूंदी पासिंग बताई जा रही है

बाइक पर 15 वर्षीय शिवम पुत्र विजय सिंह राजपूत, निवासी मुज्जफरपुर, देवरिया, बिहार तथा झारखंड निवासी अर्पित सवार थे। हादसे में शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। अर्पित को भी चोटें आई हैं। वहीं दोस्तों की दूसरी बाइक पर झारखंड निवासी मानस और बिहार निवासी कनिष्क सवार थे। हादसे के बाद पुलिस ने मृतक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया तथा परिजनों को सूचना दी। बताया गया कि शिवम कोटा में एलन कोचिंग संस्थान से जेईई की तैयारी कर रहा था। 

विक्रमपुरा कट पर कार ने बाइक को मारी टक्कर, महिला-पुरुष की मौत

दूसरा हादसा गुरुवार दोपहर बिजौलिया के विक्रमपुरा फोरलेन कट पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक पर एक महिला और पुरुष सवार होकर भीलवाड़ा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार से आ रही हुंडई कार ने ओवरटेक करते समय बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार महिला और पुरुष उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पुरुष को तत्काल बिजौलिया अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

टक्कर के बाद कार पलटी, चालक मौके से फरार

बाइक को टक्कर मारने के बाद हुंडई कार भी अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार लोगों को चोट नहीं आई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस जुटा रही हादसों से जुड़े तथ्य

दोनों हादसों की सूचना मिलने पर बिजौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा हादसों के कारणों, वाहनों की स्थिति और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई जा रही है। विक्रमपुरा हादसे में मृत महिला-पुरुष की पहचान की प्रक्रिया भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news