सफाई कर्मचारी भर्ती में हेला समाज को राहत की मांग: कहा-अभ्यर्थियों को भर्ती में प्राथमिकता दी जाए
ललित चावला बिजौलिया | 07 Oct 2026
बिजौलिया। सफाई कर्मचारी भर्ती प्रक्रिया में परंपरागत रूप से सफाई कार्य करने वाले हेला समाज के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने और अनुभव प्रमाण पत्र की अनिवार्यता में राहत प्रदान करने की मांग उठी है। इस संबंध में बिजौलिया हेला समाज की ओर से स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर के निदेशक को पत्र भेजकर भर्ती प्रक्रिया में समाज के अभ्यर्थियों के हित में आवश्यक संशोधन करने की मांग की गई है।
पत्र में बताया गया कि राजस्थान में हेला समाज के लोग पीढ़ी-दर-पीढ़ी सफाई कार्य करते आ रहे हैं। समाज के लोग ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर पर तथा शहरी क्षेत्रों में नगर निकायों और निजी संस्थानों में सफाई का कार्य कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। समाज के बड़ी संख्या में लोग आर्थिक रूप से कमजोर होने के साथ ही कम शिक्षित हैं और सफाई कार्य ही उनकी आजीविका का प्रमुख साधन है।
अनुभव प्रमाण पत्र नहीं मिलने से भर्ती से वंचित होने का दावा
समाज की ओर से कहा गया कि पूर्व में सफाई कर्मचारी भर्ती-2024 में परंपरागत रूप से सफाई कार्य करने वाले वाल्मीकि एवं हेला समाज के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी गई थी। वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में नगर निकायों में सफाई कार्य कर रहे हेला समाज के कई अभ्यर्थियों को अनुभव प्रमाण पत्र जारी नहीं होने के कारण आवेदन करने में परेशानी हो रही है।
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर पर सफाई कार्य करने वाले अभ्यर्थियों के पास नगर निकाय का अनुभव प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण वे भर्ती प्रक्रिया में पात्रता संबंधी समस्या का सामना कर रहे हैं। इससे समाज के ऐसे अभ्यर्थियों के भर्ती प्रक्रिया से बाहर होने की आशंका जताई गई है।
प्राथमिकता और अनुभव में राहत देने की मांग
हेला समाज ने निदेशक से मांग की है कि परंपरागत रूप से सफाई कार्य करने वाले समाज के अभ्यर्थियों को सफाई कर्मचारी भर्ती प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत स्तर पर किए गए सफाई कार्य के अनुभव को भी मान्यता देने तथा अनुभव प्रमाण पत्र की शर्तों में आवश्यक राहत प्रदान की जाए, ताकि वर्षों से सफाई कार्य कर रहे समाज के अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होकर रोजगार का अवसर प्राप्त कर सकें।
More news
लावारिस लाश का किया अंतिम संस्कार
19 Oct 2026