नगर पालिका बोर्ड की पहली बैठक में छाई मूलभूत सुविधाओं की चिंता, : बंद रोड लाइट से लेकर टूटी सड़कों तक उठे मुद्दे
ललित चावला बिजौलिया | 06 Oct 2026
पालिका भवन निर्माण, टैक्स वसूली, सफाई, अतिक्रमण और पटाखा दुकानों के व्यवस्थित आवंटन पर भी हुई चर्चा
बिजौलिया। नगर पालिका बोर्ड के गठन के बाद मंगलवार को पंचायत समिति के कम्युनिटी हॉल में बोर्ड की पहली बैठक चेयरपर्सन स्नेहा तिवाड़ी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने कस्बे की मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने सहित राजस्व बढ़ाने और पालिका की व्यवस्थाओं में सुधार से जुड़े विभिन्न मुद्दे प्रमुखता से उठाए। बैठक में बंद रोड लाइट, टूटी सड़कें, नालियों की समस्या, सफाई व्यवस्था, पालिका भवन निर्माण, टैक्स वसूली, दुकानों का किराया, अतिक्रमण और पटाखा दुकानों के व्यवस्थित आवंटन सहित कई विषयों पर चर्चा हुई।
बंद रोड लाइट और टूटी सड़कों का मुद्दा गरमाया
बैठक में प्रमुख रूप से इन मुद्दों पर की गई चर्चा
बैठक में कांग्रेस पार्षद संजय मालवीय, किशन खटीक और भाजपा की हर्षेंद्रा राठौड़ ने कस्बे में बंद पड़ी रोड लाइटों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। पार्षदों ने कहा कि कई मोहल्लों में लंबे समय से स्ट्रीट लाइटें बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की। इसके अलावा कस्बे की क्षतिग्रस्त सड़कों और नालियों की समस्या का भी समाधान करने पर जोर दिया गया।
नए पालिका भवन को लेकर अलग-अलग सुझाव
पालिका अध्यक्ष स्नेहा तिवाड़ी ने नगर पालिका के लिए नया भवन बनाने का प्रस्ताव लेने का सुझाव दिया। इस पर अधिशासी अधिकारी तरुण कुमार ने बताया कि पथिक कॉलेज के सामने पालिका के लिए जमीन आवंटित होने की बात कही। वहीं उपाध्यक्ष कुंवर सौभाग्य सिंह ने अटल सेवा केंद्र के पास पालिका की जमीन पर नया भवन बनाने का सुझाव दिया।
राजस्व बढ़ाने और बकाया टैक्स वसूली पर जोर
ईओ तरुण कुमार ने पालिका के राजस्व स्रोत कम होने की बात रखते हुए यूडी टैक्स बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि कस्बे में वाणिज्यिक और घरेलू टैक्स का बकाया है। पालिका की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सभी पार्षदों के सहयोग से बकाया टैक्स की वसूली करने पर जोर दिया गया।
उपाध्यक्ष कुंवर सौभाग्य सिंह ने पट्टी-फरसी के अवैध स्टॉक से निकलने वाली स्लेरी पर टैक्स लेने का मुद्दा उठाया। वहीं वार्ड पार्षद पूजा जोशी ने पालिका की दुकानों का बाजार दर के अनुसार समान और उचित किराया निर्धारित कर वसूलने की मांग की। उन्होंने कहा कि पालिका की दुकानों में कहीं कम तो कहीं अधिक किराया लिया जा रहा है, जिसे व्यवस्थित करने की जरूरत है। कांग्रेस पार्षद संजय मालवीय ने बस स्टैंड के पीछे संचालित रेस्टोरेंट दुकानों के किराए को भी बाजार दर के अनुसार निर्धारित कर वसूली करने पर जोर दिया।
सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग
पार्षदों ने ने कस्बे की सफाई व्यवस्था को लेकर मुद्दा उठाया। उन्होंने नियमित और बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि आमजन को गंदगी और अव्यवस्था से राहत मिल सके।
तेजाजी चौक के अतिक्रमण पर भी चर्चा
बैठक में तेजाजी चौक पर अतिक्रमण का मुद्दा भी सामने आया। ईओ तरुण कुमार ने अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई करने और चौक को सुव्यवस्थित करने की बात कही। वहीं उपाध्यक्ष कुंवर सौभाग्य सिंह ने कहा कि कार्रवाई के दौरान किसी का रोजगार नहीं छीना जाए। उन्होंने इस विषय पर अगली बैठक में सकारात्मक तरीके से चर्चा कर समाधान निकालने की बात कही।
पटाखा दुकानों के व्यवस्थित आवंटन की मांग
बैठक में आगामी त्योहारों को देखते हुए पटाखा दुकानों के आवंटन का मुद्दा भी उठा। पार्षद दिनेश पालीवाल ने पटाखा दुकानों के लिए निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित दुकानें लगाने तथा दुकानों का लॉटरी के माध्यम से आवंटन कर प्राथमिकता तय करने का सुझाव दिया।
पूर्व ईओ के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया
पार्षद रईस मोहम्मद ने पूर्व ईओ के कार्यकाल में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी बैठक में उठाया। उन्होंने पालिका के पूर्व कार्यों और व्यवस्थाओं की जांच की आवश्यकता जताई। इस दौरान बोर्ड के सामने पालिका से जुड़े विभिन्न कार्यों और व्यवस्थाओं को पारदर्शी तरीके से संचालित करने पर भी चर्चा हुई।
पट्टा नहीं, मूलभूत सुविधाएं सुधारे पालिका प्रशासन
बैठक में हर्षेंद्रा राठौड़ ने आगामी दो माह तक पालिका प्रशासन की ओर से किसी भी प्रकार के आवासीय या कमर्शियल पट्टे जारी नहीं करने तथा इस अवधि में कस्बे की मूलभूत आवश्यकताओं पर विशेष फोकस करने की बात कही। उन्होंने स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में सुधार और सड़कों की मरम्मत सहित अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। इस पर कांग्रेस पार्षद रईस मोहम्मद ने भी आगामी दो माह तक पट्टा संबंधी कार्यों के बजाय कस्बे की मूलभूत समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान केंद्रित करने की अपील की।
बैठक में पार्षदों ने अलग-अलग वार्डों की समस्याओं को बोर्ड के सामने रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। पहली बैठक में ही मूलभूत सुविधाओं और पालिका की आय बढ़ाने से जुड़े मुद्दों के प्रमुखता से उठने से आने वाले दिनों में बोर्ड की कार्यप्रणाली को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। बैठक में भूमिका सुवालका, कमलेश कोली, रीना चंद्रवाल, आशा जैन, राधेकृष्ण माली सहित सभी 25 पार्षद मौजूद रहे।
More news
लावारिस लाश का किया अंतिम संस्कार
19 Oct 2026