12 लाख के स्कूल भवन में दरारें! : ग्रामीणों ने निर्माण सामग्री पर उठाए गंभीर सवाल, हाथ लगाते ही गिर रही ईंटे
ललित चावला बिजौलिया | 04 Oct 2026
ग्रामीणों ने दावा किया है कि हाथ लगाते ही दीवारों से ईंटे गिर रही है
बिजौलिया। भोपतपुरा स्थित राजकीय हाई स्कूल में करीब 12 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन कक्षा-कक्षों की गुणवत्ता को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने गंभीर सवाल खड़े किए। ग्रामीणों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण करते हुए घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल और निर्माण कार्य में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लाखों रुपए खर्च होने के बावजूद यदि निर्माण की गुणवत्ता ऐसी रही तो भविष्य में यह स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है।
निर्माणाधीन दीवारों और आरसीसी पिल्लरों में दिखीं दरारें
निर्माणाधीन आरसीसी पिल्लर पर दरारें दिखाते हुए ग्रामीण
ग्रामीणों के अनुसार निर्माणाधीन कक्षा-कक्षों की ईंटों की दीवारों और आरसीसी पिल्लरों में कई जगह दरारें दिखाई दे रही हैं। कुछ स्थानों पर दीवारों की स्थिति इतनी कमजोर है कि हाथ लगाने पर ईंटें निकलने लगीं। इसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी दिखाई दी। ऐसे भवन में बच्चों को बैठाना खतरे से खाली नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल भवन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे अध्ययन करने आते हैं। यदि निर्माण कार्य के दौरान ही दीवारों और पिल्लरों में दरारें आ रही हैं तो निर्माण पूरा होने के बाद भवन की मजबूती और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
ठेकेदार पर लगाया लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी राशि से बनने वाले भवन में निर्धारित मापदंडों के अनुसार निर्माण सामग्री का इस्तेमाल होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि निर्माण कार्य की जांच कर दोष पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाए।
प्रिंसिपल बोले-आज संडे है कल जाकर देखूंगा
विद्यालय के प्रिंसिपल देवी शंकर वर्मा ने बताया कि आज संडे है, कल जाकर निर्माण कार्य देखूंगा। घटिया पाए जाने पर निर्माण विभाग के जेईएन को शिकायत करुंगा। हालांकि उन्होंने कहा कि कल तक तो मेरी देखरेख में निर्माण किया जा रहा था, आज क्या हुआ स्कूल जाने के बाद ही पता लग पाएगा। वहीं मामले को लेकर निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार राजेश धाकड़ से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन वे उपलब्ध नहीं हो सके।
निर्माण स्थल पर ग्रामीण हीरा बंजारा, औंकार बंजारा, रोडू बंजारा, कालू बंजारा, अंकित बंजारा, सचिन बंजारा, राकेश बंजारा, अनिल बंजारा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
More news
लावारिस लाश का किया अंतिम संस्कार
19 Oct 2026