चोरी के आभूषणों की खरीद-फरोख्त में कार्रवाई: दो साल से फरार 5 हजार का इनामी आरोपी एमपी से गिरफ्तार

ललित चावला बिजौलिया | 03 Oct 2026

दो साल से फरार 5 हजार का इनामी आरोपी एमपी से गिरफ्तार

बिजौलिया। पुलिस थाना बिजौलिया ने नकबजनी के मामले में चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण खरीदने के आरोप में करीब दो साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मध्यप्रदेश के नीमच जिले के मनासा से गिरफ्तार किया।

थानाधिकारी स्वागत पाण्डया ने बताया कि नकबजनी के प्रकरण में चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण खरीदने के मामले में मनासा एमपी के रहने वाला अशोक कुमार पामेचा लंबे समय से फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगातार आसूचना संकलित कर उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही थी। टीम ने आरोपी के छिपने के संभावित स्थानों की रैकी करते हुए लगातार उसका पीछा किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

मनासा का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक कुमार पिता दयाचंद, जैन, उम्र 74 वर्ष, निवासी बड़ा बाजार, गांधी चौकी, बद्री विशाल मंदिर के पास, मनासा जिला नीमच (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।

इनकी रही मुख्य भूमिका

आरोपी की गिरफ्तारी में थानाधिकारी स्वागत पाण्डया, एएसआई लक्ष्मण सिंह, एएसआई नरेश कुमार, कांस्टेबल हेमा राम, शिवपाल एवं रणजीत की मुख्य भूमिका रही।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news