दस दिन तक अन्न-फल का त्याग कर की तप साधना : सीमा जैन और आशा जैन ने पूर्ण किए 10 उपवास

ललित चावला बिजौलिया | 26 Sep 2026

सीमा जैन और आशा जैन ने पूर्ण किए 10 उपवास

बिजौलिया। दस लक्षण पर्व के अवसर पर बिजौलिया में जैन समाज की दो साधिकाओं ने दस दिन के उपवास कर कठिन तपस्या और धर्म आराधना का परिचय दिया। सीमा जैन (ठोला) एवं आशा जैन (ठग) ने 16 सितंबर से 25 सितंबर तक चले दस लक्षण पर्व के दौरान लगातार दस दिन उपवास रखकर संयम, साधना और आत्मशुद्धि का संकल्प निभाया।

दस दिनों की इस कठिन तप साधना के दौरान दोनों साधिकाओं ने अन्न, फल सहित किसी भी प्रकार के खाद्य पदार्थ का सेवन नहीं किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार दस लक्षण पर्व जैन समाज में आत्मशुद्धि, संयम, त्याग और धर्म आराधना का विशेष पर्व माना जाता है। इस दौरान श्रद्धालु विभिन्न प्रकार की तपस्या करते हुए आत्मकल्याण की साधना करते हैं। समाजजनों ने कहा कि लगातार दस दिनों तक बिना अन्न एवं फल का सेवन किए तप करना कठिन साधना है।हर वर्ष दस लक्षण पर्व के दौरान समाज से साधक दस उपवास सहित अन्य कठिन तपस्याएं करते हैं।

कल निकलेगी शोभायात्रा

दस दिन की कठिन तपस्या पूर्ण करने वाली दोनों साधिकाओं के सम्मान में रविवार को बिजौलिया नगर में शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में जैन समाज के श्रद्धालु शामिल होंगे।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news