अनंत चतुर्दशी पर गणपति बप्पा की भव्य शोभायात्रा: अखाड़ों के हैरतअंगेज प्रदर्शन ने मोहा मन, फूल बरसा कर कस्बावासियों ने किया स्वागत

ललित चावला बिजौलिया | 25 Sep 2026

अखाड़ों के हैरतअंगेज प्रदर्शन ने मोहा मन, फूल बरसा कर कस्बावासियों ने किया स्वागत

बिजौलिया। अनंत चतुर्दशी के पर्व पर शुक्रवार को बिजौलिया कस्बा गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा। गणेश चतुर्थी के अवसर पर विभिन्न स्थानों और घरों में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमाओं को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भव्य शोभायात्रा के रूप में विसर्जन के लिए मंडोल बांध ले जाया गया। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा और गुलाल उड़ाकर गणपति बप्पा का स्वागत किया।

कस्बे में करीब डेढ़ दर्जन स्थानों पर स्थापित गणेश प्रतिमाएं सुबह पालिका चौक पर एकत्रित हुईं। यहां भगवान गणेश की प्रतिमाओं की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद गणेश प्रतिमाओं के साथ शोभायात्रा रवाना हुई।  शोभायात्रा बड़ा दरवाजा, रावला चौक और चारभुजा मंदिर होते हुए पंचायत चौक पहुंची। रावला चौक पर नगर पालिका के वाइस चेयर मेन कुंवर सौभाग्य सिंह ने शोभा यात्रा का फूल बरसा कर स्वागत किया और श्रद्धालुओं को जलपान की व्यवस्था कराई, इसके बाद पालिका चौक से सब्जी मंडी, तेजाजी चौक और बालाजी चौराहा होते हुए शोभायात्रा मंडोल बांध पहुंची।

डीजे की धुन पर नाचते गाते शामिल हुए श्रद्धालु

डीजे की धुन पर नाचते गाते शामिल हुए श्रद्धालु

अखाड़ों के हैरतअंगेज प्रदर्शन ने बांधा समां

शोभायात्रा के दौरान विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, बजरंग व्यायामशाला, श्री वीर बजरंग व्यायामशाला सहित विभिन्न हिंदू संगठनों से जुड़े युवाओं ने अखाड़ों के हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए। पालिका चौक में बड़ी संख्या में कस्बेवासी इन प्रदर्शनों को देखने के लिए जमा हो गए। युवाओं के साहसिक प्रदर्शन पर लोगों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। शोभायात्रा के मार्ग में लोगों ने अपने घरों की छतों से गणपति प्रतिमाओं पर फूल और गुलाल बरसाकर स्वागत किया। पूरे रास्ते धार्मिक गीतों, ढोल-नगाड़ों और गणपति बप्पा मोरिया के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

रथों में सवार होकर निकले गणपति बप्पा

गणेश चतुर्थी के दिन स्थापित गणेश प्रतिमाओं को श्रद्धालुओं ने आकर्षक रथों में विराजमान कर विसर्जन के लिए रवाना किया। सिद्धि विनायक गणेश मंदिर, चारण माता मंदिर, पालिका चौक, पथिक क्लब, कोली मोहल्ला, लाल बड़ली, कैसरगंज, छोटा दरवाजा और भील बस्ती सहित विभिन्न स्थानों और घरों में स्थापित गणेश प्रतिमाएं रथों में एक के बाद एक क्रम से चल रही थीं। प्रत्येक रथ के पीछे महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की भीड़ धार्मिक गीतों पर नाचते-गाते और गणपति बप्पा के जयकारे लगाते हुए चल रही थी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर उत्साह नजर आया।

मंडोल बांध पर हुई आरती, जल में किया विसर्जन

शोभायात्रा शाम को मंडोल बांध पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की प्रतिमाओं की आरती की और विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारों के बीच प्रतिमाओं का मंडोल बांध के पानी में विसर्जन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष जल्दी आने की कामना के साथ भगवान गणेश को विदाई दी।

शोभायात्रा में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। थाना अधिकारी स्वागत पांड्या के नेतृत्व में पुलिस जवान पूरे शोभायात्रा मार्ग पर तैनात रहे। पुलिस टीम ने भीड़ और यातायात व्यवस्था को संभालते हुए शोभायात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news