नगर पालिका पदभार ग्रहण समारोह: सादगी से नवनिर्वाचित अध्यक्ष स्नेहा तिवारी ने संभाला पदभार
ललित चावला बिजौलिया | 24 Sep 2026
बिजौलिया। नगर पालिका की पहली निर्वाचित अध्यक्ष स्नेहा तिवारी ने गुरुवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण समारोह में मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। हालांकि भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता उदयलाल कोली की पत्नी प्यारी देवी के सड़क हादसे में निधन के चलते पालिका चौक में आयोजित होने वाला मुख्य समारोह स्थगित कर दिया गया। इसके बाद नगर पालिका परिसर में सादगीपूर्ण तरीके से पदभार ग्रहण किया गया।
पदभार ग्रहण के दौरान विधायक गोपाल खंडेलवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष स्नेहा तिवारी को शुभकामनाएं दीं। अध्यक्ष ने नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से शहर से जुड़े विकास कार्यों की जानकारी ली और आगामी दिनों में प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराने की बात कही।
बिजौलिया नगर पालिका की पहली चेयर पर्सन स्नेहा तिवाड़ी ने पदभार संभाला
उपाध्यक्ष व पार्षदों का किया स्वागत
समारोह में नगर पालिका के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष कुंवर सौभाग्य सिंह ने भी पदभार ग्रहण किया। इसके अलावा भाजपा एवं कांग्रेस के सभी नवनिर्वाचित पार्षद नगर पालिका परिषद पहुंचे। नगर पालिका में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों का माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने शहर के विकास, मूलभूत सुविधाओं और आमजन की समस्याओं के समाधान को लेकर मिलकर काम करने की बात कही।
पालिका चौक में गुरुवार को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी पार्षदों के पदभार ग्रहण को लेकर मुख्य समारोह प्रस्तावित था। समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं नागरिकों के शामिल होने की तैयारी थी। लेकिन भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता उदयलाल कोली की पत्नी प्यारी देवी के सड़क हादसे में निधन की सूचना के बाद कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया। पदभार ग्रहण की प्रक्रिया सीमित रूप से नगर पालिका परिसर में संपन्न कराई गई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष स्नेहा तिवारी के पदभार ग्रहण के साथ ही बिजौलिया नगर पालिका में नई निर्वाचित परिषद ने कार्यभार संभाल लिया है।
More news
लावारिस लाश का किया अंतिम संस्कार
19 Oct 2026