पैंथर पिंजरे में फंसा : कुत्ते का शिकार करने आया पैंथर पिंजरे में कैद, मेनाल ईको पार्क ले गए

ललित चावला बिजौलिया | 03 Oct 2025

कुत्ते का शिकार करने आया पैंथर पिंजरे में कैद, मेनाल ईको पार्क ले गए

 

बिजौलिया। डोबिया गांव में गुरुवार रात कुत्ते का शिकार करने के प्रयास में एक पैंथर पिंजरे में फंस गया। ग्रामीणों ने शोर सुनकर इसकी सूचना वन विभाग को दी।

फॉरेस्ट रेंजर विमल रैगर ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पैंथर द्वारा बाड़ों में घुसकर मवेशियों का शिकार करने की घटनाएं बढ़ गई थीं। इसी को देखते हुए डोबिया गांव के पास चार दिन पहले पिंजरा लगाया गया था और उसमें एक कुत्ता बांधा गया था। गुरुवार रात पैंथर उसी कुत्ते का शिकार करने पहुंचा और पिंजरे में कैद हो गया।सुबह वनपाल नंद सिंह और टीम मौके पर पहुंची। पैंथर को सुरक्षित ट्रैक्टर-ट्रॉली में डालकर मेनाल ईको पार्क ले जाया गया। वहां पशु चिकित्सक द्वारा उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जंगल में छोड़ने की कार्रवाई होगी।वन विभाग के अनुसार पैंथर लगभग तीन साल का है। वहीं ग्रामीण एडवोकेट सुनील धाकड़ ने बताया कि बीते पांच दिनों में पैंथर ने गांव में मवेशियों का शिकार कर पांच गाय और बछड़ों को मार दिया था। उन्होंने कहा कि गांव के आस-पास अभी एक और पैंथर होने की संभावना है, जिसे भी पकड़ने की जरूरत है।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news