बिजौलिया की बेटी आयुषी चित्तौड़ा को मिली पीएचडी की उपाधि: नैनो कणों पर शोध के लिए मिली उपाधि, बिजौलिया में खुशी की लहर
ललित चावला बिजौलिया | 16 Nov 2025
बिजौलिया। जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ (डीम्ड-टू-बी विश्वविद्यालय) ने रसायन शास्त्र विषय में उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए बिजौलिया की बेटी आयुषी चित्तौड़ा को पीएचडी की उपाधि प्रदान की है। चित्तौड़ा ने विज्ञान संकाय (सायंकालीन) के निदेशक डॉ. जय सिंह जोधा के निर्देशन में अपना शोध कार्य पूरा किया।
आयुषी चित्तौड़ा ने नैनो कणों के संश्लेषण, गुणधर्म एवं जलीय उपचार में उपयोगिता विषय पर व्यापक शोध किया। अपने शोध में उन्होंने हरित रसायन विधि का उपयोग करते हुए पादप अवयवों के माध्यम से नैनो कणों का सफलतापूर्वक संश्लेषण किया। इसके साथ ही,उन्होंने इन नैनो कणों की जल शुद्धिकरण और पर्यावरणीय उपचार में संभावित भूमिका का भी महत्वपूर्ण अध्ययन प्रस्तुत किया।
विद्यापीठ प्रशासन ने चित्तौड़ा के शोध को रसायन शास्त्र के क्षेत्र में उपयोगी योगदान बताते हुए उनकी उपलब्धि की सराहना की। वहीं बिजौलिया में ग्रामीणों परिवारजनों और शिक्षकों ने आयुषी की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया हैl बता दें कि आयुषी के पिता हरिमोहन चित्तौड़ा बिजौलिया में अभी नयानगर हाई स्कूल में प्रिंसिपल के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैंl
More news
लावारिस लाश का किया अंतिम संस्कार
19 Oct 2026