कैसरगंज फोरलेन कट पर अवैध पार्किंग: फोरलेन कट के पास ढाबों की अवैध पार्किंग से बढ़ा जाम का संकट,कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
ललित चावला बिजौलिया | 03 Nov 2025
बिजौलिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर कैसरगंज फोरलेन कट के नजदीक सर्विस लेन पर स्थित होटल-ढाबों द्वारा अवैध पार्किंग बना लेने से आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। यह क्षेत्र फिलहाल ओवरब्रिज निर्माण कार्य के चलते पहले से ही संकुचित मार्ग में बदल गया है, जिससे सभी वाहन सर्विस लेन से होकर गुजरते हैं। ऐसे में ढाबों के सामने खड़े भारी वाहनों के कारण ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ढाबा संचालकों ने सर्विस लेन पर ही ट्रक और ट्रेलर पार्क करने की जगह बना रखी है। दिन-रात दर्जनों भारी वाहन यहां खड़े रहते हैं,जिससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार मामूली विवाद और झगड़े की स्थिति भी बन जाती है।
दुर्घटनाओं का कारण बन रही मनमानी पार्किंग
ग्रामीणों ने बताया कि ढाबों के सामने अव्यवस्थित रूप से खड़े ट्रकों की वजह से कई बार गंभीर हादसे हो चुके हैं। हाल ही में फलोदी के पास हुई भीषण सड़क दुर्घटना का कारण भी इसी प्रकार की अवैध पार्किंग बताई जा रही है। बिजौलिया क्षेत्र में भी स्थिति समान बनी हुई है, जहां ढाबों की मनमानी किसी बड़े हादसे को न्यौता दे सकती है।
एनएचएआई से की गई कार्रवाई की मांग
क्षेत्रवासियों ने एनएचएआई (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के जोनल अधिकारियों को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि ढाबों के सामने पार्किंग व्यवस्था को समाप्त कर वाहनों के लिए अलग से निर्धारित पार्किंग स्थल बनाया जाए, ताकि ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं से राहत मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस और एनएचएआई के संयुक्त स्तर पर निरीक्षण कर यहां लगे अवैध पार्किंग स्थलों को हटाया जाना जरूरी है। यदि समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा घटित हो सकता है।
More news
लावारिस लाश का किया अंतिम संस्कार
19 Oct 2026